एजेंसी, नई दिल्ली। फ्लाइट के अंदर एयर होस्टेस से छेड़खानी और बदतमीजी का एक और मामला सामने आया है. इस बार दुबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट एयर होस्टेस से छेड़छाड़ और बदतमीजी की गई. जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट जैसे ही जयपुर लैंड हुई तो एयर होस्टेस के साथ छेड़खानी करने वाले युवक को सीआईएसएफ ने तुरंत हिरासत में लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.
टोकने पर बोला- संतरे का जूस पी रहा
मिली जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आई एक्स-196 शुक्रवार रात 12:45 बजे दुबई से जयपुर के लिए रवाना हुई, जो रात 2:40 पर जयपुर पहुंची. इस दौरान 15-बी सीट पर बैठा था और चुपचाप शराब पी रहा था. जब एयर होस्टेस ने टोका तो उसने कहा कि संतरे का जूस पी रहा हूं. जांच में सामने आया कि उसने दुबई ड्यूटी फ्री से शराब खरीदी थी.
एयर होस्टेस को गलत तरीके से किया टच
जब क्रू ने उसे शराब पीने से मना किया और ग्लास वापस मांगा तो युवक ने बहस की. शराब का ग्लास लेने के बाद युवक ने केबिन की ओर जाकर दोबारा ग्लास मांगा और इस दौरान एयर होस्टेस के करीब आने की कोशिश की. शिकायत के अनुसार, जब एयर होस्टेस उसकी सीट के पास से गुजरी तो युवक ने पीठ पीछे से उसे गलत तरीके से टच किया. यह हरकत वह पूरी फ्लाइट के दौरान बार-बार करता रहा. लैंडिंग के बाद भी युवक ने माफी नहीं मांगी उलटा, बोर्डिंग पास देने से इनकार कर दिया और कर्मचारियों से उलझता रहा. जयपुर एयरपोर्ट थाना अधिकारी संदीप बसेरा के मुताबिक, आरोपी की पहचान दिनेश के रूप में हुई है. फ्लाइट क्रू की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. एयरलाइन की ओर से भी विस्तृत रिपोर्ट थाने में दी गई है.


