एजेंसी, रांची। झारखंड की राजधानी रांची से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां बीजेपी नेता अनिल टाइगर की बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हत्यारों की तलाश में जुट गई है। वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। यह घटना जिले के कांके थाना क्षेत्र स्थित कांके चौक के पास हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार कांके थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर बीजेपी नेता अनील टाइगर की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अनील टाइगर किसी काम से बाहर गए थे। जिसके बाद अज्ञात हमलावरों ने उनको गोलियों से भून डाला। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए रिम्स लाया गया जहां उनकी मौत हो गई। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। बता दें कि अनिल टाइगर भाजपा के रांची ग्रामीण जिला के महामंत्री, रामनवमी समिति, कांके के अध्यक्ष और पूर्व जिला परिषद सदस्य रहे हैं। रांची ग्रामीण एसपी ने बताया कि अनिल टाइगर नाम के व्यक्ति को गोली मारी गयी है। मामले की जांच की जा रही है।


