नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की है। मुलाकात के दौरान आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्होंने मुख्य तौर पर नई दिल्ली से बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के घर रेड डालने की अपील की है। उन्होंने बीजेपी नेता पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा के घर तुरंत रेड की जाए, क्योंकि वे महिलाओं को खुलेआम 1100 रुपये बांट रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की तरह से हम चुनाव आयोग से मिले। नई दिल्ली विधानसभा में 15 दिसंबर से 7 जनवरी तक 22 दिन में 5500 वोट कटने के लिए आ गए हैं।
जब उन लोगों को बुलाया गया तब उन्होंने बताया कि हमने कोई अर्जी नहीं दी थी। इसके साथ-साथ 15 दिन में नई दिल्ली विधानसभा में 13,000 नए वोट बनने कई अर्जी आई है। उत्तर प्रदेश और बिहार से लोगों को लाकर फर्जी वोट बनवा रहे हैं। प्रवेश वर्मा खुलेआम जॉब कैंप लगा रहे हैं, पैसे बांटे जा रहे हैं। प्रवेश वर्मा को चुनाव लड़ने से वर्जित किया जाना चाहिए। केजरीवाल नई दिल्ली विधान सभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस ने इस सीट से पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को मैदान में उतारा है।बता दें कि दिल्ली में विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान हो चुका है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को एक ही चरण में चुनाव होंगे। नतीजे तीन दिनों बाद 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।


