संभल| लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल संभल के दौरे पर जाने की तैयारी में हैं। वहीं कांग्रेस के काफिले को यूपी बॉर्डर पर पुलिस ने रोक रखा है। राहुल और प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, केएल शर्मा, उज्जल रमन सिंह, तनुज पूनिया और इमरान मसूद भी हैं. राहुल और प्रियंका, पिछले दिनों हुई हिंसा में मारे गए लोगों से मुलाकात करने के इरादे से जाना चाहते हैं। दिल्ली के बॉर्डर पर भी पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है और बैरिकेडिंग की गई है। कांग्रेस ने इस बीच योगी सरकार से सवाल किया है। कांग्रेस ने एक पोस्ट के जरिए कहा है कि नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी संभल में पीड़ित परिवारों से मिलना चाहते हैं। यूपी सरकार पुलिस और प्रशासन लगाकर उन्हें रोक रही है। आखिर यूपी सरकार को किस बात का डर है? कौन सी ऐसी बात है जो छिपाई जा रही है? वहीं अखिलेश यादव ने भी कहा है कि बीजेपी सरकार क्या छिपाना चाहती है? पहले दिन से ही समाजवादी पार्टी समेत सभी ने कहा है कि संभल प्रशासन ने जो कुछ भी किया है, वह बीजेपी के निर्देश पर किया है…वे किसी भी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को संभल जाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। वे क्या छिपाने की कोशिश कर रहे हैं?…”
जाम में फंसे लोगों का फूटा गुस्सा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जड़ दिए थप्पड़ पे थप्पड़
नई दिल्ली| लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को आज संभल जाने से रोक दिया गया। वे उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुए थे, लेकिन यूपी बॉर्डर पर पुलिस ने उनका काफिला रोक लिया। काफिले को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई, और इसके बाद घंटों चली मशक्कत के बाद उन्हें दिल्ली वापस भेज दिया गया। इसके साथ ही कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता दिल्ली लौट आए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने यूपी बॉर्डर पर कड़ी चौकसी बढ़ा दी थी। राहुल और प्रियंका के काफिले को रोकने के लिए ट्रैफिक को पहले ही बंद कर दिया गया था।
प्रशासन की सख्ती से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपनी जरूरी यात्रा नहीं कर सके कुछ तो पिता की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए जा रहे थे, जबकि कुछ को अदालत में सुनवाई के लिए जाना था। लंबे समय तक जाम में फंसे रहने के बाद, गुस्साए लोगों ने कांग्रेस नेताओं पर अपना आक्रोश व्यक्त किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानीय लोग कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भिड़ गए और कुछ को थप्पड़ पे थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित अन्य कांग्रेस सांसद संसद के लिए रवाना हो गए।


