गूगल मैप्स फिर बना मुसीबत, शॉटकट के चक्कर में नहर में गिरी कार, बाल-बाल बचे लोग

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय राष्ट्रीय

बरेली| बरेली में गूगल मैप्स ने एक बार फिर लोगों को मुसीबत में डाल दिया है। रात को एक कार, गूगल मैप्स द्वारा दिखाए गए गलत रास्ते के कारण नहर में गिर गई। हालांकि, गाड़ी में सवार लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, औरैया निवासी दिव्यांशु अपने दोस्तों के साथ पीलीभीत जा रहे थे। घने कोहरे के कारण उन्होंने गूगल मैप्स का सहारा लिया। लेकिन मैप्स ने उन्हें एक गलत रास्ता दिखाया, जिसके चलते उनकी कार नहर में जा गिरी। इज्जतनगर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि कार में सवार किसी को चोट नहीं आई क्योंकि नहर में पानी नहीं था और कार की रफ्तार भी कम थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। यह पहली बार नहीं है जब गूगल मैप्स ने गलत दिशा दिखाकर हादसे का कारण बना हो। इससे पहले 24 नवंबर को, फरीदपुर में एक अधूरे पुल से कार गिरने के कारण 3 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद, बदायूं पुलिस ने गूगल को नोटिस भेजा है और उस क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक का नाम और पता मांगा है जहां यह हादसा हुआ था। पुलिस का कहना है कि गूगल से जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply