नई दिल्ली| महाराष्ट्र में शानदार जीत के बाद भाजपा पार्टी सहित पीएम नरेंद्र मोदी का जोश हाई लेवल पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीत के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘महाराष्ट्र देश का छठा राज्य है जिसने बीजेपी को लगातार तीन बार जनादेश दिया है। इससे पहले गुजरात, गोवा, छत्तीसगढ़, हरियाणा और एमपी में हम लगातार तीन बार जीत चुके हैं। बिहार में भी एनडीए को तीन बार से ज्यादा बार लगातार जनादेश मिला है। यह जनता का हमारे सुशासन के मॉडल पर विश्वास है।’ इस दौरान पीएम मोदी ने वक्फ बोर्ड को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस ने तुष्टिकरण के लिए कानून बनाए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की भी परवाह नहीं की, इसका उदाहरण है वक्फ बोर्ड। बाबासाहेब आंबेडकर ने हमें जो संविधान दिया है, उसमें वक्फ कानून की कोई जगह नहीं है, लेकिन कांग्रेस ने अपना वोट बैंक बढ़ाने के लिए ये काम किया।
‘अपने दम पर सरकार बनाना कांग्रेस के लिए मुश्किल’
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए वक्फ बोर्ड का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत की राजनीति में कांग्रेस परजीवी बनकर रह गई है। कांग्रेस पार्टी के लिए अब अपने दम पर सरकार बनाना लगातार मुश्किल हो रहा है। हाल ही के चुनावों में जैसे आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, हरियाणा और आज महाराष्ट्र में उनका सूपड़ा साफ हो गया है।’
‘कांग्रेस की घिसी-पिटी राजनीति फेल’
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की घिसी पिटी विभाजनकारी राजनीति फेल हो रही है लेकिन फिर भी कांग्रेस का अहंकार सातवें आसमान पर है। कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम ने सोचा था कि संविधान के नाम पर झूठ बोलकर, आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर एससी, एसटी, ओबीसी को छोटे-छोटे समूहों में बांट देंगे।


