वायनाड, केरल | वायनाड लोकसभा सीट पर हुए चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं. वायनाड के चुनाव नतीजों में प्रियंका गांधी को बड़ी जीत मिली है. निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार प्रियंका गांधी वाद्रा ने 4.1 लाख मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हो हराया है. प्रियंका को 6,22,338 वोट मिले जो इस वर्ष अप्रैल में लोकसभा चुनाव में वायनाड में उनके भाई राहुल गांधी को मिले 6,47,445 मतों से कम हैं. हालांकि, वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कम मतदान होने के बावजूद प्रियंका गांधी की जीत का अंतर 4,10,931 रहा जो कि राहुल गांधी की 3,64,422 मतों के अंतर से अधिक है.
प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘वायनाड की मेरी प्यारी बहनों और भाइयों, आपने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं कृतज्ञता से अभिभूत हूं. मैं यह सुनिश्चित करूंगी कि समय के साथ, आप वास्तव में महसूस करें कि यह जीत आपकी जीत है और जिसे आपने अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना है. वह आपकी आशाओं और सपनों को समझती है और आपके लिए लड़ती है. मैं संसद में आपकी आवाज बनने के लिए उत्सुक हूं.”
कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस बार उपचुनाव लड़ा. ये प्रियंका गांधी का पहला चुनाव है. वायनाड लोकसभा सीट के तहत विधानसभा की 7 सीटें आती हैं. इनमें वायनाड जिले की मनंतावाडी (रिजर्व), सुल्तान बथेरी (रिजर्व), कलपेट्टा, कोझिकोड जिले की तिरुवमबाडी तथा मलप्पुरम जिले की निलांबुर, ईरानद और वंडूर सीटें शामिल हैं. यह सीट राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. अप्रैल-मई में हुए लोकसभा चुनावों में रायबरेली सीट से जीत हासिल करने के बाद राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ दी थी. इस वजह से खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव कराया गया.
कितने उम्मीदवारों ने लड़ा चुनाव
वायनाड में प्रियंका समेत 16 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है और अब वोटों की गिनती हो रही है. वायनाड सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की उम्मीदवार हैं. जबकि उनका मुकाबला मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की अगुवाई वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के प्रत्याशी सत्यन मोकेरी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार नव्या हरिदास से हुआ. वायनाड में इस बार करीब 65 प्रतिशत वोटिंग हुई है. अप्रैल में जब राहुल गांधी यहां से चुनाव लड़ रहे थे तब 74 प्रतिशत मतदान हुआ था. वहीं, 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां 80 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई थी.
प्रियंका से पहले गांधी परिवार में से जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, फिरोज गांधी, संजय गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, मेनका गांधी, वरुण गांधी और राहुल गांधी राजनीति में एंट्री कर चुके हैं। प्रियंका गांधी अब अपनी राजनीति देश के दक्षिणी हिस्से से शुरू करेंगी। वह अपनी दादी और देश की पूर्व पीएम इंदिरा गांधी, मां सोनिया गांधी और चाची मेनका गांधी के बाद चौथी महिला सदस्य हैं जो संसद पहुंचेंगी। वाड्रा का मुकाबला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के दिग्गज नेता सत्यन मोकेरी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नव्या हरिदास से है। वाड्रा के भाई राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद वायनाड सीट खाली हुई थी। राहुल गांधी ने इस साल की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनाव में वायनाड के अलावा उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से भी जीत हासिल की थी, जिसके बाद उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी थी।


