भोपाल। पुराने शहर के तलैया इलाके में दो युवकों पर आधा दर्जन बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपितों ने उन दोनों को घेरकर तलवार, छुरी से प्रहार किए। हमले में बुरी तरह घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने के बाद हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। तलैया थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आमिर पाशा और परवेज उर्फ सलमान खान नामक दो युवक अशोका गार्डन में रहते हैं।
वे दोनों देर रात करीब 3 बजे तलैया पुलिस चौकी के पीछे एक गुमठी के पास खड़े रहकर सिगरेट पी रहे थे। तभी इलाके में रहने वाले सोम कुचबंदिया और तिलक वहां पहुंचे, जिनसे इन दोनों युवकों की किसी बात को लेकर बहस हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान सोम और तिलक के चार अन्य साथी भी वहां आ गए और उन्होंने आमिर व परवेज पर चाकू, छुरी से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। हमले में घायल आमिर न हालत नाजुक बनी हुई है। उसके सिर, पेट और सीने सहित हाथ में गंभीर घाव हैं। उसका इलाज मालीपुरा के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है।
इस वजह से हुआ विवाद
सूत्रों ने बताया कि पुलिस चौकी के पीछे कुचबंदिया समाज के लोग गांजा बेचने का काम करते हैं। दोनों युवक देर रात गांजा खरीदने की नीयत से वहां पहुंचे थे। सोम कुचबंदिया ने उनसे गांजे के लिए पैसे तो लिए, लेकिन गांजा नहीं दिया। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। बाद में सोम और साथियों ने मिलकर हथियारों से लैस होकर उन पर हमला किया और फरार हो गए। इस मामले में पुलिस का कहना है कि छानबीन चल रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


