नई दिल्ली| भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उसने ये टेस्ट सीरीज भी गंवा दी है। टॉम लैथम की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर कब्जा जमाकर इतिहास रच डाला है। न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट में 113 रनों से जीत दर्ज की और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। न्यूजीलैंड ने पहली बार भारतीय सरजमीं पर टेस्ट सीरीज अपने नाम की। दोनों के बीच 69 साल से टेस्ट मैच खेले जा रहे हैं। लैथम ब्रिगेड ने पुणे टेस्ट के तीसरे दिन 359 रनों का टारगेट दिया, जिसके जवाब में भारत की दूसरी पारी 60.2 ओवरों में 245 रन पर सिमट गई।
न्यूजीलैंड ने बेंगलुरु में आयोजित पहला टेस्ट 8 विकेट से अपने नाम किया था। भारत ने 12 साल बाद घर पर टेस्ट सीरीज गंवाई है। भारत को इससे पहले 2012 में इंग्लैंड के हाथों टेस्ट सीरीज में हार का मुंह देखना पड़ा था। इंग्लैंड ने तब चार मैचों की सीरीज 2-1 से जीती थी। बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 1955 में खेला गया था। भारत का कीवी टीम के विरुद्ध ओवरऑल रिकॉर्ड शानदार है। दोनों ने आपस में अभी तक 64 टेस्ट खेले हैं, जिसमें भारत को 22 में जीत नसीब हुई। न्यूजीलैंड ने इस दौरान 15 टेस्ट में बाजी मारी और 28 ड्रॉ पर छूटे। हालांकि, मौजूदा सीरीज में रोहित ब्रिगेड उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।
फिर नहीं चला विराट का बल्ला
यशस्वी ने शुभमन गिल (31 गेंदों में 23) के संग दूसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। सेंटनर ने 16वें ओवर में गिल और 22वें ओवर में यशस्वी को आउट किया। यशस्वी ने 65 गेंदों में 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 77 रन जुटाए। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (40 गेंदों में 17) एक बार फिर छाप छोड़ने में नाकाम रहे। उन्हें सेंटनर ने 30वें ओवर में एलबीडब्ल्यू किया। ऋषभ पंत का खाता नहीं खुला। वह रनआउट हुए। मैच में 11 विकेट चटकाने वाले ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने 47 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया।


