कांग्रेस हर जिले में निकालेगी किसान न्याय यात्रा- जीतू पटवारी

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल। किसानों की कई मांगों को लेकर कांग्रेस न्याय यात्रा निकालेगी। इसी कड़ी में 20 सितंबर को ट्रैक्टर रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। यह घोषणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में की। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के बाद किसानों से किए वादों से मुकर गई। न तो धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल दिया, न ही गेहूं के 2,700 रुपये दिए गए। सोयाबीन का बाजार भाव चार हजार प्रति क्विंटल के आसपास है, जबकि, न्यूनतम समर्थन मूल्य 4,892 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। किसानों की लागत तक नहीं निकल रही है। किसान न्यूनतम छह हजार रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य की मांग कर रहे हैं। पटवारी ने कहा कि कृषि मंत्रालय ने प्राइज सपोर्ट स्कीम के माध्यम से कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना में सोयाबीन समर्थन मूल्य पर खरीदने की घोषणा कर दी, लेकिन मध्य प्रदेश को इस योजना से बाहर रखा जाना बताता है कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है।

इसके पहले गेहूं का समर्थन मूल्य 2,700 रुपये और धान का 3,100 रुपये देने के वादे से सरकार मुकर चुकी है। इसे देखते हुए कांग्रेस ने तय किया है कि वह न्याय यात्रा निकालकर किसानों की आवाज बुलंद करेगी। इसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य के कानूनी गारंटी, सोयाबीन का समर्थन मूल्य छह हजार रुपये, गेहूं का 2,700 और धान का 3,100 रुपये प्रति क्विंटल देने की मांग को लेकर प्रदेश के हर जिले में किसान न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत 10 सितंबर 2024 को मंदसौर जिले के गरोठ से की जाएगी। फिर 13 सितबंर को टिमरनी से होशंगाबाद, 15 सितंबर को आगर मालवा और 22 सितबंर को इंदौर में आयोजित होगी। समानांतर रूप से प्रदेश की सभी जिला कांग्रेस इकाइयां अपनी 20 सितंबर को प्रत्येक जिलों में किसान न्याय यात्रा निकालेंगी।

Leave a Reply