कुवैत : रिहाइशी इमारत में लगी भीषण आग, 49 लोगों की मौत, 40 भारतीय शामिल

अंतर्राष्ट्रीय कुवैत नई दिल्ली यूएई राष्ट्रीय राष्ट्रीय

दुबई। कुवैत में श्रमिकों के आवास वाली एक इमारत में बुधवार को लगी भीषण आग में 49 लोगों के मारे जाने की आशंका है। खाड़ी देश से मिल रही खबरों के अनुसार, मरने वालों में 40 भारतीय भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि आग बुधवार तड़के कुवैत के दक्षिणी अहमदी गवर्नरेट के मंगाफ क्षेत्र में स्थित छह मंजिला इमारत के रसोईघर में लगी। बताया जा रहा है कि इमारत में करीब 160 लोग रहते थे, जो एक ही कंपनी के कर्मचारी हैं। बताया जा रहा है कि वहां रहने वाले कई कर्मचारी भारतीय थे। कुवैत में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज भारतीय श्रमिकों से जुड़ी दुखद आग दुर्घटना के संबंध में दूतावास ने एक आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। सभी संबंधित लोगों से अनुरोध है कि वे अद्यतन जानकारी के लिए इस हेल्पलाइन से जुड़ें। दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।” कुवैत की कुल जनसंख्या में भारतीय 21 प्रतिशत (10 लाख) तथा कार्यबल में 30 प्रतिशत (लगभग 9 लाख) हैं। विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कुवैत सिटी में आग लगने की घटना की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ।

खबर है कि 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 50 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। हमारे राजदूत मौके पर गए हैं। हम आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हमारा दूतावास इस संबंध में सभी संबंधित लोगों को पूरी सहायता प्रदान करेगा।” ‘कुवैत टाइम्स’ की खबर के अनुसार, कुवैत के गृह मंत्री शेख फहद अल-यूसुफ अल-सबाह ने पुलिस को मंगाफ इमारत के मालिक, इमारत के चौकीदार और श्रमिकों के लिए जिम्मेदार कंपनी के मालिक को घटनास्थल पर आपराधिक साक्ष्य कर्मियों की जांच पूरी होने तक गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। घटनास्थल का दौरा करने के बाद मंत्री ने एक बयान में कहा, “आज जो कुछ हुआ वह कंपनी और भवन मालिकों के लालच का परिणाम है।”

भीषण अग्निकांड : प्रधानमंत्री मोदी के आदेश पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह कुवैत रवाना
नई दिल्ली| कुवैत शहर के मंगाफ क्षेत्र में बुधवार को एक इमारत में लगी आग में कई भारतीय मजदूरों के मारे जाने की खबर के बाद विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह कुवैत रवाना हो रहे हैं। विदेश मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह आग लगने की घटना में घायल हुए लोगों की सहायता की निगरानी करने, मारे गए लोगों के पार्थिव शवों को जल्द वापस लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए तत्काल कुवैत की यात्रा कर रहे हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इस भयावह आग की घटना में कई लोगों की मौत पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “कुवैत शहर में आग लगने की घटना दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। कुवैत में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। प्रभावितों की मदद के लिए वहां के अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।”

जान गंवाने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना- विदेश मंत्री
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट किया, “कुवैत शहर में आग की घटना की खबर से गहरा दुख हुआ है। खबर है कि 40 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। 50 से ज्यादा लोग इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। हमारे राजदूत शिविर में गए हैं। हम आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “इस घटना में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। जो लोग घायल हुए हैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हमारा दूतावास इस संबंध में सभी संबंधितों को पूरी सहायता प्रदान करेगा।”

भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
इस बीच, कुवैत में भारत के राजदूत आदर्श स्वैका पहले ही कुवैत सिटी के अस्पतालों का दौरा कर चुके हैं। जिनमें कई घायल भारतीय मजदूरों को भर्ती कराया गया है। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने इस त्रासदी के संबंध में आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर (+965-65505246) जारी किया है।

Leave a Reply