निवाड़ी में पारा 47.5 डिग्री पहुंचा, 10 शहर लू की चपेट में रहे

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

बढ़ने लगी मानसून पूर्व की गतिविधियां
बादल, बूंदाबांदी के साथ 10 शहरों में चली लू
वर्तमान में हवा का रुख पश्चिमी बना हुआ है

भोपाल। प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में भीषण गर्मी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। नौतपा के आठवें दिन प्रदेश में सबसे अधिक 47.5 डिग्री सेल्सियस तापमान निवाड़ी में दर्ज किया गया। निवाड़ी सहित 10 शहर लू की चपेट में रहे। हालांकि, हवाओं के साथ नमी आने की वजह से प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर मानसून पूर्व की गतिविधियां भी बढ़ने लगी हैं। इसी क्रम में पिछले 24 घंटों के दौरान शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक विदिशा के कुरवाई में छह, अशोकनगर में दो, अशोकनगर के मुंगेली में एक मिलीमीटर वर्षा हुई। सागर के जैसीनगर में 4.2, सागर में 0.3, खुरई में 0.2, पन्ना के देवेंद्र नगर में 0.1 एवं कटनी में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। राजधानी भोपाल में शाम के समय कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, सोमवार से गर्मी के तेवर नर्म पड़ने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी एवं पश्चिमी होने लगा है। इस वजह से मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी से धीरे-धीरे राहत मिलने की संभावना दिखने लगी है। रविवार को नौतपा समाप्त हो जाएगा। सोमवार से प्रदेश को लू से मुक्ति मिल सकती है। इसके साथ ही अब मानसून पूर्व की गतिविधियों में धीरे-धीरे तेजी आने लगेगी। प्रदेश के अधिकतर शहरों में तेज रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने के साथ गरज-चमक की स्थिति बनेगी। कहीं-कहीं हल्की बौछारें भी पड़ सकती हैं। मौजूदा स्थितियों को देखते हुए दक्षिण-पश्चिमी मानसून के संभावित तारीख 16 जून के पहले ही प्रदेश में आने की प्रबल संभावना बन रही है। वर्तमान में हवा का रुख पश्चिमी बना हुआ है।

इन शहरों में चली लू शहर
तापमान निवाड़ी- 47.5 , छतरपुर- 46.3, सिंगरौली- 46.2, सतना- 46.1, ग्वालियर- 45.6, सीधी- 45.6, खजुराहो- 45.4, रीवा- 45.2 शहडोल- 45.1, नौगांव- 45.0

Leave a Reply