नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा थाना अंतर्गत उमर नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को माइनिंग कंपनी की फ्लाइंग ने जब पकड़ा तो धनौरा गांव में भीड़ ने अचानक से माइनिंग कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धनौरा गांव में शुक्रवार और शनिवार की रात उमर नदी से रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर ट्राली को जब माइनिंग कंपनी के कर्मचारियों ने रोककर रॉयल्टी के लिए पूछा, तो चालक ने अपने साथियों को बुला लिया और करीब 50 से अधिक संख्या में आए लोगों ने कंपनी के फ्लाइंग कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। विवाद के बाद अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को स्थानीय दबंग कर्मचारियों के साथ मारपीट छुड़ा ले गए। साथ ही साथ फ्लाइंग की दो गाड़ी भी चकनाचूर कर दी हैं। माइनिंग कंपनी के कर्मचारी किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे और साईंखेड़ा के अस्पताल पहुंचेए जहां उनका इलाज किया गया।
दोनों पक्षों पर की एफआईआर दर्ज
साईंखेड़ा थाना प्रभारी संग्राम सिंह ने बताया कि माइनिंग कंपनी की फ्लाइंग और गांव के लोगों के बीच रेत को लेकर विवाद हुआ, जिसमें माइनिंग कंपनी के दो लोगों को चोटें आई हैं। इनमें पुष्पेंद्र जादौन और देवेंद्र जादौन हैं। वहीं गांव वालों में तीन लोग घायल हैं, जिनमें मालक गुर्जर 45, राजा गुर्जर 23 आशीष को चोटें आई हैं। दोनों पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच जारी है।


