नई दिल्ली। देश के कई हिस्से भीषण लू की चपेट में है। कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश हो सकती है। जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
इन प्रदेशों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 28 अप्रैल तक चमक और गरज के साथ बरसात होने की संभावना है। आईएमडी ने पंजाब, हरियाणा और मध्यप्रदेश में अगले 24 घंटें के दौरान बारिश की संभावना जताई है। कई जगहों पर बारिश के साथ आंधी, बिजली और तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे) चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वी और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में भीषण लू की स्थिति जारी रहेगी। 26 से 29 अप्रैल के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और 26 से 28 अप्रैल के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में गरज और चमक के साथ वर्षा हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में 28 से 30 अप्रैल को भारी बारिश संभव है।
इन राज्यों को नहीं मिलेगी लू से राहत
अगले तीन से चार दिनों तक कई राज्यों में लू की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने बताया कि गंगीय पश्चिमी बंगाल और ओडिशा के कुछ स्थानों पर 28 अप्रैल को भीषण लू चलने की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और आंतरिक कर्नाटक में 30 अप्रैल तक लू की स्थिति रहने की संभावना है।
मध्य भारत में बारिश होगी
मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमाचल में 26 से 29 अप्रैल तक, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 26 से 28 अप्रैल और मध्य भारत में 26 से 27 अप्रैल तक गरज और चमक के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है।


