प्लेटफार्म का भूमिपूजन हुआ पर रेल पटरी छुहिया घाटी नहीं पहुंची
सीधी| पूर्व नेता प्रतिपक्ष चुरहट विधायक अजय सिंह ने कहा है कि पिछले तीन चुनाव से सीधी से भाजपा के सांसद चुने जाते रहे हैं लेकिन किसी ने भी यहाँ की आवाज दिल्ली तक नहीं पहुंचाई| सीधी हमेशा उपेक्षित ही रहा| कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल के समर्थन में सिंगरौली क्षेत्र में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एनएच 39 सीधी सिंगरौली सड़क दस वर्षों में भी नहीं बन पाई है| इस मार्ग का तीन तीन बार भूमि पूजन किया गया| अख़बारों में फोटो छपवाकर खूब प्रचार किया गया, लेकिन सड़क की दुर्दशा आज भी वैसी ही है| सिंह ने कहा कि पहले 70- 71 में मुझे चुरहट से सिंगरौली मोटरसाइकिल से डेढ़ घंटा लगता था| आज सड़क खराब होने के कारण सरई होकर जाना पड़ता है| अभी भी सीधी सिंगरौली सड़क नही बनी|
सिंगरौली विधानसभा के जहथनी और तियरा में बोलते हुए अजयसिंह ने कहा कि दाऊ साहब ने ललितपुर सिगरौली का उद्घाटन इंदिरा गांधी जी से कराया था| यहां पर 10 साल से लगातार जो सांसद रही हैं वे सीधी में रेलवे प्लेटफार्म का भूमि पूजन तक कर चुकी है पर रेल की पटरी अभी भी छुहिया घाटी से इधर नही पहुंची है| सांसद जी ने अपने कार्यकाल मे रेल और रोड के कार्य को लेकर जब देखो तब केंद्र के मंत्री जी के साथ फोटो खिचवाकर अख़बार में जरूर छपवा दी लेकिन कोई काम नहीं हुआ| सांसद जी ने 10 साल तक फोटो खिचवाने और मीडिया में बयान देने के अलावा विकास का कोई कार्य नही किया।
उन्होंने सीधी लोकसभा के मतदाताओं से अपील की है कि इस बार कर्मठ और योग्य प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल को अपना कीमती वोट देकर विजयी बनाएं ताकि इस क्षेत्र का रुका हुआ विकास फिर से हो सके|


