बेंगलुरु| बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे बम ब्लास्ट मामले में एनआईए ने एक संदिग्ध को बेल्लारी से अरेस्ट किया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी का कहना है कि यह कुछ-कुछ हमले के उस व्यक्ति की तरह दिखता है, जिसका फोटो धमाके के बाद वायरल हुआ था। दरअसल, 1 मार्च को रामेश्वरम कैफे बम ब्लास्ट हुआ था। उसके कुछ घंटे बाद एनआईए को जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से पता चला था कि कैप पहने एक युवक कैफे में बैग रखकर चला गया था। उसी बैग में ब्लास्ट हुआ था। उस ने चेहरे पर मास्क लगाया था, इसलिए उसका साफ चेहरा नहीं दिख पाया। एनआईए ने सीसीटीवी की फुटेज भी रिलीज की थी।
एनआईए ने कहा- यह वही आरोपी है या नहीं, अभी पता नहीं
एनआईए ने स्टेटमेंट में कहा, ‘ये संदिग्ध कुछ-कुछ हमले के मुख्य आरोपी की तरह दिखता है। हालांकि, यह वही आरोपी है या नहीं, अभी कहा नहीं जा सकता है।’
धमाके का पहला फुटेज
आरोपी ने कैफे में इडली ली थी, पेमेंट किया और डस्टबिन के पास रखा बैग
मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखा था कि मास्क लगाए हुए एक व्यक्ति कैफे के पास बस से उतरता है और 11:30 बजे कैफे में दाखिल होता है। आरोपी की उम्र 25 से 30 साल के बीच है। वह एक बैग लेकर आया था। कैफे में उसने इडली ऑर्डर की, काउंटर पर पेमेंट करके टोकन लिया। इसके बाद 11:45 बजे बैग को डस्टबिन के पास रखकर चला गया। एक घंटे बाद इसी बैग में टाइमर के जरिए धमाका हुआ था जिसमें 10 लोग घायल हुए थे।


