कोलकाता। बांग्ला फिल्मों की जानीमानी अभिनेत्री अंजना भौमिक का शनिवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं। उनके परिवार में उनकी दो पुत्रियां और दामाद हैं। अभिनेत्री को सांस संबंधी परेशानी के कारण शुक्रवार को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका निधन हो गया। भौमिक का जन्म कूच बिहार (उत्तरी बंगाल) में हुआ था। उनका असली नाम आरती भौमिक था और उपनाम बबली था। उनका फिल्मी करियर 1968 में ‘अनुस्तुप चंदा’ फिल्म से शुरू हुआ था। जिसके बाद, उन्होंने लगभग ढाई दशक तक करीब 16 बांग्ला फिल्मों में मुख्य भूमिका में काम किया। उनकी फिल्मों में से कई उत्तम कुमार के साथ थीं, और 1987 की ‘ निशिभर’ उनकी आखिरी फिल्म थी। कोखोनो मेघ, (1968), चौरंगी (1968), नायिका संगबाद (1967), थाना थेके अस्ची ( 1965), रौद्र छाया और राजद्रोही बॉक्स ऑफिस पर हिट फिल्मों में से कुछ थीं। उन्होंने और उत्तम कुमार ने चौरंगी, “कोखोनो मेघ”, “नायिका संगबाद”, “रौद्र छाया” और “राज द्रोही” जैसी प्रमुख हिट फ़िल्में दीं।


