नई दिल्ली. प्रगति मैदान के भारत मंडपम में बीजेपी का 2 दिनों का अधिवेशन शुरू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम, नई दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में भाग लिया. पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत संग्रहालय, नई दिल्ली में आयोजित भाजपा सम्मेलन में दीप प्रज्ज्वलित किया. इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमितशाह, रक्षा मंत्री राजनाथसिंह और अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे. इस मौके पर जेपी नड्डा ने कहा कि ये हम सब के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि हम भाजपा राष्ट्रीय अधिवेशन के चश्मदीद गवाह बन रहे हैं. आज एक माहौल में हम एकत्र हुए हैं, जहां हमें पीछे भी जीत दिखी है और आगे भी जीत मिलेगी. आज हम सब के बीच में हमारे नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने देश को, पार्टी को, समाज को नेतृत्व प्रदान कर राजनीति में नया आयाम स्थापित किया. मैं अपने प्रधानमंत्री जी का स्वागत करता हूं, अभिनंदन करता हूं.
PM नरेंद्र मोदी का नेतृत्व उपलब्धियों से भरा
दिल्ली के भारत मंडपम में भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पार्टी का झंडा फहराया. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि ‘7 दशक के भारतीय जनसंघ और भाजपा के इतिहास में हमने हर कालखंड को देखा है… हमने आपातकाल और संघर्ष भी देखा, चुनाव में हारने और जीतने की प्रक्रिया भी देखी लेकिन हम सभी को बहुत खुशी है कि पिछला दशक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उपलब्धियों से भरा हुआ है…’
पार्टी पीएम मोदी की प्राथमिकता
देश के प्रधान सेवक, जो देश के प्रशासन के कामों में पूर्णतया व्यस्त रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद पार्टी उनकी प्राथमिकता है और वो पार्टी के लिए हमेशा खड़े रहे हैं. पार्टी कैसे आगे बढ़ेगी, हम किस प्रकार से पार्टी को आगे बढ़ा सकते हैं, प्रधानमंत्री जी पल-पल इस बात की चिंता करते हैं. 7 दशक के भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के इतिहास में हमने हर कालखंड देखा है. हमने संघर्ष का काल देखा है, हमने उपेक्षा का काल देखा है, जमानत बचाने के लिए चुनाव लड़ने वाला काल देखा है, हमने आपातकाल देखा है, चुनाव में हारने और जीतने का काल भी देखा है. लेकिन हमें इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पिछला दशक जो गुजरा, वो उपलब्धियों से भरा हुआ है.
अगली बार बंगाल की सत्ता में आएंगे
नड्डा ने अधिवेशन में कहा कि ‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछला दशक भाजपा के लिए उपलब्धियों भरा रहा है. वर्ष 2014 में पांच राज्यों में भाजपा की सरकार थी, लेकिन फिलहाल 12 राज्यों में भाजपा और 17 राज्यों में राजग सत्तारूढ़ है.’ वहीं, उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा 10 प्रतिशत वोट और तीन सीट से बढ़कर 38.5 प्रतिशत वोट और 77 सीट पर पहुंच गई; हम अगली बार राज्य की सत्ता में आएंगे.
सम्मेलन में 11.5 हजार प्रतिनिधि शामिल
बीजेपी की इस बैठक में बीजेपी के लगभग 11.5 हजार प्रतिनिधि शामिल हो रहें हैं. जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी पार्टी के सांसद पार्टी के पूर्व सांसद विधायक सभी प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्ष देश के सभी जिला के जिला अध्यक्ष सभी पंचायत के अध्यक्ष मेयर डिप्टी मेयर आदि शामिल हो रहे हैं. 18 फरवरी को राष्ट्रीय अधिवेशन की समाप्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिभाषण के साथ होगी इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2024 में पार्टी की जीत का मंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं को देंगे.


