खंडवा : व्यवसायी ने दी धमकी, बोले- सभा का बिल भुगतान नहीं हुआ तो सीएम आवास के सामने कर लेंगे आत्मदाह

खंडवा प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

बुरहानपुर। पड़ोसी जिले खंडवा के टेंट व्यवसायी सतनाम सिंह होरा ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह की चेतावनी दी है। इसका कारण मुख्यमंत्री की सभा का बिल भुगतान नहीं होना है। वे सात फरवरी को बुरहानपुर कलेक्टर कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भोपाल के लिए पैदल मार्च करेंगे। होरा ने चर्चा में बताया कि गत चार अक्टूबर 23 को बुरहानपुर के रेणुका मंडी परिसर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की बड़ी सभा हुई थी। इसमें टेंट आदि व्यवस्था का काम मध्यप्रदेश माध्यम ने वेंडर के जरिए कराया था। माध्यम के वेंडर जनता टेंट हाउस भोपाल ने इसका कुछ काम होरा की फर्म आदर्श टेंट हाउस खंडवा को दिया था। वेंडर ने एडवांस के रूप में 2.19 लाख रुपये दिए थे। सभा समाप्त होते ही शेष राशि भुगतान करने का आश्वासन दिया था। होरा का बिल 8.74 लाख रुपये बना था। उन्होंने जब शेष राशि वेंडर से मांगी तो उसने अभद्र भाषा में बात करते हुए राशि देने से इनकार कर दिया। ज्ञात हो कि सतनाम सिंह होरा मप्र टेंट एसोसिएशन के महासचिव भी हैं।
हर जगह कर चुके शिकायत
होरा ने बताया कि बिल की बकाया राशि को लेकर वे शिकारपुरा थाने से लेकर तहसीलदार, एसडीएम को भी शिकायत कर चुके हैं। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक राशि नहीं मिली है। कुछ दिन पहले तहसील दार पगारे ने भी मध्यप्रदेश माध्यम के अधिकारियों से बात की थी। होरा के मुताबिक प्रदेश के बीस से ज्यादा जिलों के स्थानीय टेंट हाउस संचालकों का भुगतान इसी तरह रोक कर रखा गया है। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सृष्टि देशमुख, सीइओ जिला पंचायत बुरहानपुर ने ये बताया
यह काम मध्यप्रदेश माध्यम को दिया गया था। उन्होंने भोपाल के वेंडर को दिया था। वेंडर ने खंडवा और बुरहानपुर के दो टेंट हाउसों से काम कराया था। हमारे द्वारा पूरी राशि का भुगतान किया जा चुका है। खंडवा के टेंट कारोबारी का बिल भुगतान नहीं होने का मामला संज्ञान में आया है। हम मप्र माध्यम और वेंडर से बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply