भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय बजट को लेकर एक्स हैंडल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि मोदी सरकार का यह बजट नारी शक्ति के उत्थान तथा विकास में मील का पत्थर साबित होगा। बहनों के जीवन में बदलाव लाने 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, वह महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगा। उन्होंने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर और रक्षा बजट पर भी विशेष ध्यान दिया गया है, इससे हमारे देश की सुरक्षा तथा विकास को और मजबूत गति मिलेगी। यह बजट आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की समस्त गारंटियों को पूर्ण करने वाला बजट है।
पूर्व सीएम शिवराज ने कहा कि मैं केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर चलकर सबके कल्याण का बजट पेश किया है। यह बजट विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला बजट है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की जो चार जातियां ‘किसान, महिला, युवा और गरीब’ बताई हैं, यह बजट उनके जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने वाला है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सामाजिक न्याय को चरितार्थ करने वाला सर्वव्यापक, सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी बजट पेश किया है। प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्री तथा केंद्र सरकार का हार्दिक अभिनंदन!


