नई दिल्ली| बिहार में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी कमर कस ली है। 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति को जमीनी स्तर पर लाना पर शुरू कर दिया है।इस चुनाव में भाजपा की नजर बिहार के यादव मतदाताओं पर है जिसको राजद का वोटबैंक माना जाता है। बीजेपी ‘मिशन यादव’ के तहत राजद के वोटबैंक में सेंध लगाने की तैयारी कर रही है। बता दें कि मध्य प्रदेश में प्रचंड जीत के बाद भाजपा ने जब से मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया था तभी ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा बिहार में यादव वोटरों को लुभाने की कोशिश करेगी। भाजपा अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को बिहार की सियासत में उतारने की तैयारी में जुटी है।
यादव समाज करेगा सम्मानित
पार्टी के सीनियर यादव नेता मोहन यादव को सम्मानित करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों के यादव समाज के बड़े चेहरों के शामिल होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री अपने बिहार दौरे पर भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे और इस्कॉन मंदिर भगवान के दर्शन कर सकते हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने के बाद मोहन यादव का यह पहला बिहार दौरा होगा। भाजपा नेताओं का कहना है कि मोहन यादव आगे भी बिहार आते रहेंगे।


