कोलकाता। ईडी के अधिकारियों पर पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख शाहजहां के समर्थकों ने शुक्रवार को हमला कर दिया। अधिकारी राशन वितरण घोटाले की जांच के संबंध में शाहजहां के उत्तर 24 परगना जिला स्थित आवास पर छापा मारने पहुंचे थे। एक अधिकारी ने बताया कि ईडी के अधिकारी राज्य में 15 स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं और शेख का आवास उनमें से एक है। अधिकारी ने बताया कि जब ईडी अधिकारी सुबह संदेशखाली इलाके में शेख के आवास पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने ईडी अधिकारियों और उनके साथ आए केंद्रीय बलों के जवानों को घेर लिया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शन किया और फिर उन पर हमला कर दिया जिससे वे वहां से जाने के लिए मजबूर हो गए।
उन्होंने बताया कि एक अधिकारी के सिर में चोट लगी है और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। शाहजहां को राज्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक का करीबी सहयोगी माना जाता है। ज्योतिप्रिय मल्लिक को करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। ईडी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ इस तरह का हमला अभूतपूर्व है। हमने शेख शाहजहां पर एक रिपोर्ट अपने दिल्ली कार्यालय को भेज दी है।’’ उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने आवास पर पहुंचने के बाद दरवाजा खोलने के लिए कई बार आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने दरवाजे पर लगा ताला तोड़ने की कोशिश की और तभी शाहजहां के समर्थकों ने अधिकारियों तथा केंद्रीय बल के जवानों पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब ईडी अधिकारियों ने उत्तर 24 परगना जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने उनसे बात नहीं की।
ईडी पर हमले की एनआईए जांच की मांग
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में (प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारियों पर हुए हिंसक हमले के मद्देनजर विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राज्य के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जांच की मांग की। अधिकारी ने कहा,“भयानक! पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति जर्जर है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शेख शाहजहां के घर पर छापेमारी के दौरान उत्तरी 24 परगना जिले के संदेशखली में ईडी अधिकारियों और सीआरपीएफ जवानों पर बेरहमी से हमला किया गया। मुझे संदेह है कि राष्ट्र-विरोधी हमलावरों के बीच रोहिंग्या मौजूद हैं।” राष्ट्र-विरोधी हमलावरों के बीच।”
उन्होंने कहा,“मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस गंभीर स्थिति का संज्ञान लेने और इस अराजकता को कुचलने के लिए उचित कार्रवाई करने का आग्रह करता हूं।” उन्होंने कहा, “एनआईए से भी मामले की जांच करानी चाहिए।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में मजूमदार ने कहा,“संदेशखाली में ईडी अधिकारियों पर हुए जघन्य हमले के बाद पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति टीएमसी की वजह से चरमरा गई है।
शाह से आग्रह है कि वह बंगाल के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मामले की एनआईए जांच शुरू करायें।” गौरतलब है कि ईडी के अधिकारियों की एक टीम को शुक्रवार को उत्तर 24 परगना में संदेशखली के ब्लॉक स्तर के नेता शाहजहां शेख के घर छापेमारी के दौरान बंगाल में सत्तारूढ़ टीएमसी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग द्वारा हमला किए जाने के बाद अपने छापे छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।


