भोपाल| भोपाल के वार्ड-41 में पार्षद और जिले के कुल 355 पंच पदों के लिए चुनाव 5 जनवरी को होंगे। पार्षद की किस्मत का फैसला 22 हजार से अधिक मतदाता करेंगे। एक दिन पहले गुरुवार को मतदान सामग्री केंद्रों पर रवाना कर दी गई। यह सीट मौजूदा परिषद के सबसे सीनियर पार्षद मोहम्मद सगीर के निधन से 25 जुलाई को खाली हो गई थी। वार्ड-41 पर कांग्रेस का कब्जा रहा है। इसलिए कांग्रेस इसे दोबारा हासिल करना चाह रही है। वहीं, बीजेपी यह जीतना चाहती है। हालांकि, जीत-हार का बीजेपी को कोई पुर्क नहीं पड़ना है। मौजूदा परिषद में बीजेपी के 85 में से 58 पार्षद हैं। वहीं, कांग्रेस के 21 और 5 निर्दलीय है। पिछले साल हुए चुनाव में कांग्रेस के 22 पार्षद जीते थे। इनमें से एक पार्षद का निधन हो गया था। इसलिए कांग्रेस इस सीट पर कब्जा बरकरार रखने के लिए ऐढ़ी-चोटी का जोर लगाने के मूड में है।
ये कैंडिडेट मैदान में
बीजेपी से रेहान सिद्धीकी और कांग्रेस से मो. फहीम समेत कुल 9 कैंडिडेट्स मैदान में है।
सुबह 7 बजे से शुरू होगी वोटिंग
सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके लिए कुल 27 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां कुल 22 हजार 511 मतदान वोट डालेंगे। 8 जनवरी को काउंटिंग होगी।
इसी वार्ड से पार्षद थे मो. सगीर
कांग्रेस नेता मो. सगीर राजधानी के सबसे सीनियर पार्षद थे। वे 1999 से लगातार पार्षद रहे। सगीर कृष्णा गौर और आलोक शर्मा के महापौर कार्यकाल में नेता प्रतिपक्ष भी रहे थे। वे लंबे समय से बीमार थे। इसी बीच 25 जुलाई को उनका निधन हो गया था। इससे यह सीट रिक्त हो गई।


