अयोध्या : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंच गए हैं. पीएम मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-27 से धर्म पथ और राम पथ पर रोड शो कर रहे हैं. पीएम मोदी एयरपोर्ट के गेट नंबर 3 से हाईवे पर निकले. हाईवे के किनारे पीएम मोदी का जबरदस्त स्वागत हो रहा है. लोग पीएम मोदी पर पुष्प वर्षा कर रहे हैं. कार से बाहर होकर हाथ हिलाकर पीएम मोदी लोगों का अभिवादन कर रहे हैं. पीएम मोदी आज महर्षि वाल्मिकी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा अयोध्या धाम, पुनर्विकसित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और नई अमृत भारत ट्रेनों और वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे.
बताते चलें कि महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के अब तक के निर्माण में 1463 करोड़ रुपये खर्च हो चुके है. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण करेंगे. एयरपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग दो साल पहले शुरू हुआ. इसके लिए 821 एकड़ जमीन ली गई. पहले एयरपोर्ट के एटीआर-72 विमानों की उड़ान के लिए तैयार करने की रणनीति थी लेकिन बाद में इसको अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा घोषित किया गया. अब एयरपोर्ट को एटीआर-72 और एयरबस की उड़ान के लिए तैयार है. रामायण आधारित चित्रों से सुसज्जित टर्मिनल बिल्डिंग के साथ 2250 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया गया है. अब दूसरे फेज का काम शुरू कराए जाने की तैयारी है.


