जोहान्सबर्ग| भारत ने टी-20 सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 106 रन से हराया। इस जीत से टीम इंडिया 3 मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कराने में सफल रही है। पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हुआ और दूसरा साउथ अफ्रीका ने जीता था। अब दोनों टीमें 17 दिसंबर से वनडे सीरीज खेलेंगी। पहला मुकाबला जोहान्सबर्ग पर खेला जाएगा। जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में 202 रन का टारगेट चेज करने उतरी मेजबान टीम 13.5 ओवर में 95 रन पर ऑलआउट हो गई। इससे पहले, टीम इंडिया ने सूर्या के शतक के सहारे 20 ओवर में 7 विकेट पर 201 रन का स्कोर खड़ा किया।
सूर्यकुमार यादव फील्डिंग के दौरान चोटिल हुए
सूर्यकुमार यादव फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए। दूसरे ओवर की तीसरी बॉल पर रीजा हेंड्रिक्स ने एक्स्ट्रा कवर में शॉट खेला। फील्डिंग कर रहे सूर्या ने बॉल को बाउंड्री पर जाने से रोका। लेकिन बॉल रोकते समय उनका टखना मुड़ गया। उन्हें चलने में भी दिक्कत आने लगी। टीम के फीजियो आए और उन्हें आराम करने की सलाह दी। सूर्या की जगह रवींद्र जडेजा ने कप्तान की जिम्मेदारी संभाली।
पावरप्ले में साउथ अफ्रीका को 3 झटके
202 रन का टारगेट चेज करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला ओवर मेडन डालकर मोहम्मद सिराज ने दबाव बनाया। इस दबाव का फायदा दूसरे ओवर में मुकेश कुमार को मिला। मुकेश ने मैथ्यू ब्रीट्जकी (4 रन) को पवेलियन की राह दिखाई। उसके बाद तीसरे ओवर में रीजा हेंड्रिक्स रनआउट हो गए। शुरुआती तीन ओवर में ओपनर्स के विकेट गंवाने के बाद अफ्रीकी टीम दबाव में आ गई और पावरप्ले समाप्त होते-होते क्लासन भी आउट हो गए। उन्हें छठे ओवर की चौथी बॉल पर अर्शदीप सिंह ने रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। पावरप्ले में अफ्रीकी टीम ने 42 रन बनाने में 3 विकेट गंवा दिए। छठे ओवर के बाद टीम का स्कोर 42/3 रहा।


