मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात
एजेंसी, भोपाल/नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से खास मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से संगठन और सरकार के कामकाज को लेकर विस्तार से बातचीत की और उन्हें मध्यप्रदेश आने का न्योता भी दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य सरकार के अब तक के कार्यों पर खुशी जताई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
संगठन और सरकार के तालमेल से बढ़ेगा प्रदेश
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संवाददाताओं से कहा कि मध्यप्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद से ही जनता के हित में लगातार कई बड़ी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश हमेशा से एक मजबूत संगठन वाला राज्य रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ आगामी समय में होने वाले सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजनों को लेकर भी चर्चा हुई, जिनमें सरकार और संगठन दोनों मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पूरे देश का मार्गदर्शन करेंगे सांदीपनि विद्यालय, शिक्षा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश बनेगा मॉडल
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ हुई बैठक की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को सबसे पहले लागू करने वाला राज्य मध्यप्रदेश ही है। प्रदेश में तैयार हो रहे सांदीपनि विद्यालय आने वाले समय में पूरे देश के लिए एक मिसाल बनेंगे। मुख्यमंत्री ने शिक्षा मंत्री से जून के शुरुआती हफ़्तों में दो दिनों के लिए मध्यप्रदेश आने का आग्रह किया है ताकि वे इन विद्यालयों का खुद अवलोकन कर सकें। राज्य सरकार का उद्देश्य भारत सरकार के साथ मिलकर उच्च और तकनीकी शिक्षा में नए प्रयोग करना है, जिससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
पश्चिम बंगाल में शुरू होगा तरक्की का नया दौर, नए नेतृत्व में आगे बढ़ेगा बंगाल
पश्चिम बंगाल के सियासी घटनाक्रम पर बात करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की आजादी के 75 सालों के इतिहास में यह बेहद सुखद है कि बंगाल में विकास की नई शुरुआत हो रही है। शुभेंदु अधिकारी के विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होने वाला यह बदलाव राज्य को आगे ले जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, कम्युनिस्ट और टीएमसी के शासनकाल ने बंगाल को काफी पीछे धकेल दिया था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बंगाल देश के बाकी राज्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रगति के रास्ते पर चलेगा।
ये भी पढ़े : धार : नेशनल हाईवे जाम करने के मामले में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई कांग्रेस विधायकों पर मुकदमा दर्ज
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


