'मन की बात' में आज 130वें एपिसोड का जश्न, पीएम मोदी ने 18 साल के युवाओं से खास अपील

‘मन की बात’ में आज 130वें एपिसोड का जश्न, पीएम मोदी ने 18 साल के युवाओं से खास अपील

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि यह 2026 का पहला ‘मन की बात’ कार्यक्रम है और कल हम गणतंत्र दिवस मनाने जा रहे हैं। लेकिन आज का दिन भी उतना ही खास है—क्योंकि आज पूरे देश में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।

पीएम मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “जब कोई व्यक्ति 18 साल का हो जाता है, तो वह मतदाता बन जाता है। यह जीवन का एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इसलिए हमें देश में वोटर बनने का उत्सव जरूर मनाना चाहिए।” उन्होंने एक दिलचस्प सुझाव दिया कि “जब कोई युवा पहली बार मतदाता बने, तो परिवार, दोस्त और समाज एकजुट होकर उसका स्वागत करें। उसे मिठाइयां बांटें, बधाई दें। इससे न सिर्फ जागरूकता फैलेगी, बल्कि यह भावना भी मजबूत होगी कि वोट देने का अधिकार कितना मूल्यवान और गौरवपूर्ण है।” प्रधानमंत्री ने 18 साल पूरे करने वाले सभी युवाओं से खास अपील की “मैं आप सबसे आग्रह करता हूं कि जैसे ही आप 18 साल के हों, तुरंत खुद को वोटर के रूप में रजिस्टर करवाएं। यह सिर्फ एक फॉर्म भरना नहीं, बल्कि लोकतंत्र में अपनी भागीदारी दर्ज कराने का पहला कदम है।” इस एपिसोड में पीएम मोदी ने मतदाता जागरूकता को एक उत्सव के रूप में बदलने का संदेश दिया, ताकि युवा पीढ़ी लोकतंत्र की ताकत को समझे और हर चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाए।

भारतीय उत्पाद उच्च गुणवत्ता के पर्याय होने चाहिए: प्रधानमंत्री मोदी
रेडियो पर प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मोदी ने कहा कि भारतीय उत्पाद उच्च गुणवत्ता के पर्याय होने चाहिए। उन्होंने उद्योग से ऐसे उत्पादों का निर्माण करने का आग्रह किया जिनमें किसी प्रकार की कमी नहीं हो। प्रधानमंत्री ने कहा, ”हम जो कुछ भी निर्मित करते हैं, आइए, उसकी गुणवत्ता में सुधार करने का संकल्प लें। चाहे वह हमारे वस्त्र हों, प्रौद्योगिकी हो, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हों या पैकेजिंग, हर भारतीय उत्पाद ‘सर्वोत्तम गुणवत्ता’ का पर्याय होना चाहिए।” उन्होंने उन युवाओं के प्रयासों की भी सराहना की, जिन्होंने 10 साल पहले 2016 में शुरू हुई भारत की स्टार्टअप यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मोदी ने कहा, ”आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप परिवेश बन गया है। ये स्टार्टअप ढर्रे से हटकर काम कर रहे हैं; ये उन क्षेत्रों में काम कर रहे हैं जिनकी कल्पना भी 10 साल पहले तक नहीं की जा सकती थी।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय स्टार्टअप कंपनियां एआई, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, गतिशीलता, हरित हाइड्रोजन और जैव प्रौद्योगिकी जैसे विविध क्षेत्रों में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ”आप किसी भी क्षेत्र का नाम लीजिए और आपको उस क्षेत्र में काम करने वाला कोई न कोई भारतीय स्टार्टअप मिल जाएगा। मैं अपने उन सभी युवा मित्रों को सलाम करता हूं जो किसी न किसी स्टार्टअप से जुड़े हैं या अपना खुद का स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं।” प्रधानमंत्री ने देशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस और गणतंत्र दिवस की भी शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़े : यूएई ने निभाई दोस्ती, 900 से ज्यादा भारतीय कैदियों की सजा और जुर्माना माफ करने का एलान
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply